फूड एंड सेफ्टी अफसरों की पांच टीमों ने शुक्रवार को दूसरे दिन खान मार्केट तुराबनगर में कार्रवाई कर बड़े पैमाने पर मिलावटी सब्जी मसाले बनाने वाली कंपनी का भंडा फोड़ किया है।
मिलावट खोर मोहन ट्रेडिंग कंपनी के जरिए शान-ए-दिलदार के नाम से धान की भूसी और चावल की कनकी में एसिड मिलाकर बाजार में बेच रहा था। प्रतिबंधित रंगों से रंगकर बेचे जा रहे ये मिलावटी एगमार्ग मसाले सेहत के लिए काफी हानिकारक हैं।
सेवानिवृत्त सीएमओ डा. बीआर राठी ने बताया कि मिलावटी मसाले सेहत को खोखला कर गंभीर रोगों का कारण बन सकते हैं। इनके लगातार प्रयोग से लोगों में अपंगता, पागलपन, कैंसर, टीबी और गर्भपात हो सकता है।
खाद्य एवं सुरक्षा सचिव हेमंत राव के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत स्टेट स्क्वाएड और आसपास के जनपदों के फूड सेफ्टी अफसरों की पांच टीमों ने शहर में कई स्थानों पर 33 सैंपल लिए और 33 लाख रुपये का सामान सीज किया।
रमतेराम रोड से दवा और मसालों के नमूने लेने के साथ ही टीम ने दवा कंपनियों पर भी छापामारी की गई। इस दौरान कमिश्नर बादल चटर्जी, डीआईजी डीपी श्रीवास्तव और खाद्य उपायुक्त विजय बहादुर शहर में मौजूद रहे।
यह सामान किया गया सीज
पान विलास मसाला कंपनी पान मसाला कत्था 23 क्विंटल
रमतेरात रोड राइस फ्लोर 70 क्विंटल
मोहन मसाला ग्राइंडर्स धान की भूसी 21 क्विंटल
रमते राम रोड चावक की कनकी 28 क्विंटल
प्रतिबंधित रंग तीन किलो
गोगिया ग्राइंडर्स जीरा पैकिंग 50 किलो
मिर्च पावडर 50 किलो
शिवचरन दाल मिल पालिस वाला उरद 44 क्विंटल
जय माता दाल मिल मूंग पालिस वाली 50 क्विंटल
मूंग रंग लगी 24 क्विंटल
जीसी फूड ट्रानिका सिटी मोनोसोडियम ग्लूकामेट 75 क्विंटल
मैजिक मसाला पांच क्विंटल
बेसन 51 किलो
दवा कंपनियों पर कार्रवाई रोहिणी केमिकल्स लिमिटेड
डाबर इंडिया लिमिटेड,
शांति गोपाल हास्पिटल, इंदिरापुरम
ब्लड बैंक प्रतिष्ठान, इंदिरापुरम
अब कहां गए व्यापारी नेता
तुराबनगर खान मार्केट में बड़े स्तर पर मिलावटी मसाले बनाने का भंडाफोड़ होने पर अधिकारियों ने व्यापारी नेताओं को मौके पर आने की आवाज लगाई।
अधिकारियों ने शोर मचाकर कहां कि हंगामा करने वाले अब कहां हैं, लोगों को मौत परोसने वालों की हिमायत करने से पहले यहां आकर देखो। इसी बीच अधिकारियों को चकमा देकर मसाला कंपनी का मालिक मौके से भाग निकला।
मिलावटी मसालों के प्रयोग से हो सकते हैं ये रोग
- लीवर, किडनी, हृदय, आंत व मस्तिष्क में कैंसर
- त्वचा, हड्डी व फेफड़ों की टीबी संभव
- हाई बीपी के साथ ही हार्ट अटैक का कारण
- फालिस व शरीर के अंगों का कमजोर होना
- बच्चों में मस्तिष्क कैंसर, मंदबुद्धि व पागलपन संभव
- महिलाओं में गर्भपात, अपंग शिशु व मृत शिशु का कारण