सागरपुर वेस्ट इलाके में एक छात्रा ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। उसे जख्मी हालत में चानन देवी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि कॉमन प्रोफिशिएंसी टेस्ट (सीपीटी) में अकाउंटस के पेपर में कम अंक आने से वह परेशान थी।
जानकारी के मुताबिक सागरपुर वेस्ट इलाके में रहने वाले जगदीश दो साल पहले फौज से रिटायर्ड हुए हैं। उनकी बेटी ममता (18) ने 12वीं पास करने के बाद सीए प्रवेश परीक्षा दी थी।
शनिवार सुबह उसने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। आवाज सुनकर परिवार के सदस्य उसके कमरे में पहुंचे। परिजन ममता को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पूछताछ में परिजनों ने बताया कि ममता ने सीए की प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद पता चला कि अकाउंट्स में उसके कम नंबर आए थे। इसी बात को लेकर वह काफी परेशान थी।