साइबर सिटी की सड़कों पर अब चुनावी शोर तेज होने लगा है। शनिवार से झंडा और लाउडस्पीकर लगी गाड़ियां सड़कों पर दौड़ती रहीं। अधिकांश प्रत्याशी थ्री- व्हीलर को प्रचार के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं, साथ ही प्रत्याशियों ने प्रचार के लिए आने वाले शीर्ष नेताओं की जनसभा में भीड़ जुटाने की कोशिशें भी तेज कर दी गई हैं।
सोहना में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष समय सिंह भाटी ने व्यापारियों से संपर्क कर भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की। दूसरी तरफ, गांव रामपुरा पहुंचने पर भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत का जोरदार स्वागत किया गया।
राव ने कहा कि 3 अप्रैल को गुड़गांव में प्रस्तावित मोदी की रैली में पहुंचकर लोग बता देंगे कि उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। कई जगह ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव क्षेत्र के सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने युवाओं से मोदी के पक्ष में मतदान की अपील की।
इनेलो प्रत्याशी की जीत पक्की करने को पार्टी के शीर्ष नेता भी लगातार जोर लगाए हुए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता विधायक अभय सिंह चौटाला की 30 मार्च को फिरोजपुर झिरका के बड़कली में और 31 मार्च को पुन्हाना में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
बसपा प्रत्याशी धर्मपाल पहलवान राठी ने भी प्रचार में जोर बढ़ा दिया है। इनकी प्रचार गाड़ियां भी शनिवार को सड़कों पर आ गईं। जबकि, उन्होंने कई गांवों का दौरा कर लोगों से समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूरे गुड़गांव में परिवर्तन की लहर चल रही है। लोग उन्हें विकल्प के तौर पर देख रहे हैं।
सोनिया की रैली मे भीड़ जुटाने को गांवों का दौरा
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सोमवार को नूंह में चुनावी रैली को संबोधित करेंगी। इसमें भीड़ जुटाने और उनके पक्ष में वोट देने के लिए शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी राव धर्मपाल ने मेवात के गांव उमरा, नगीना, भादस, साकरस, नेवली, माहौली, पाटखोरी समेत तकरीबन 15 गांवों का दौरा किया।
इस दौरान मांडीखेड़ा में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनके जीतने पर मेवात की स्कूल, अस्पताल की समस्या दूर कर दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार की ओर से मेवात में कराए गए विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पार्टी सेक्यूलर है। वहीं मेवातियों का कष्ट दूर करने का माद्दा रखती है। उन्होंने दावा किया कि मेवात की जनता के मौका देने पर वह इलाके की तस्वीर बदल देंगे।