कांग्रेस-आप के बीच गठबंधन तय माना जा रहा है। इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने इंकार करने की बजाय पहली बार कहा कि अभी कुछ नहीं कह सकते, जो भी निर्णय होगा, जल्द ही आपको बता दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि अब गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर पेच फंस सकता है। सीटों का बंटवारा तय होने के बाद ही गठबंधन की घोषणा की जाएगी।
कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में शीला दीक्षित से आप से गठबंधन पर सवाल किय तो उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वे कुछ नहीं कह सकतीं, जो भी निर्णय होगा पार्टी हाईकमान करेगा और सभी को जल्द ही बता दिया जाएगा। कार्यकारी अध्यक्ष हारुन यूसुफ व राजेश लिलोठिया का भी यही कहना था। इससे पहले सभी एक सुर में गठबंधन से इंकार करते रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन तय है, लेकिन मुद्दा सीटों को लेकर अटका है। कांग्रेस कम से कम तीन सीटें और वे भी अपनी मर्जी की मांग सकती है। आप के सामने इस शर्त को मानने का संकट आ सकता है। बताया जाता है कि सीटों की गिनती पर तो आप राजी है, लेकिन वह अपनी इच्छानुसार सीटें देना चाहती है।