दिल्ली सरकार के पांचवें मंत्री इमरान हुसैन अपनी बल्लीमारान सीट पर पार्टी प्रत्याशी पंकज गुप्ता को भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों के करीब भी नहीं ला पाए। गुप्ता कांग्रेस के अजय माकन से 40733 मतोें से पिछड़े। इस मुस्लिम सीट पर आप को मात्र 8306 ही मत मिले। अजय माकन 49036 मत लेकर पहले तो भाजपा के डॉ. हर्षवर्धन 33723 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहे।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया अपनी पटपड़गंज सीट से भले आप प्रत्याशी आतिशी को दूसरे नंबर पर लाने में कामयाब रहे, लेकिन वे भाजपा से 61173 मतों से पिछड़ीं। आतिशी को 24997, भाजपा के गौतम गंभीर को 86150 और कांग्रेस के अरविंद्र सिंह लवली 20434 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहे। शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल कर मंत्री बने सतेंद्र जैन आप प्रत्याशी पंकज जैन को दूसरे नंबर पर ले आए, लेकिन वे भाजपा से 44121 मतों से पिछड़ गए। इस सीट पर आप को 17288 तो भाजपा के हर्षवर्धन को 61409 मत मिले। कांग्रेस के जयप्रकाश अग्रवाल को 16699 मत मिले।
विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल और उपाध्यक्ष राखी बिड़लान की सीट पर भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। अध्यक्ष की सीट पर पार्टी प्रत्याशी तीसरे और उपाध्यक्ष की सीट पर दूसरे नंबर पर रहा। अध्यक्ष की शाहदरा विस सीट पर आतिशी को मात्र 18922 मत मिले, जबकि भाजपा के गौतम गंभीर ने 70932 मत लेकर आप को 52010 मतों से पीछे कर दिया। कांग्रेस के लवली 26551 मत लेकर दूसरे स्थान पर रहे। राखी बिडलान की सीट पर आप के गुगन सिंह को 29720 मत मिले। भाजपा के हंसराज हंस ने 68430 मत लेकर आप को 38710 से पछाड़ा। कांग्रेस के राजेश लिलोठिया 20738 मत लेकर तीसरे स्थान पर रहे।