लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' गुरुवार को नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में पहुंचा। यहां अमर उजाला ने सुबह को चाय पर चर्चा में लोगों से बातचीत की। आम जनता के मन में क्या है यह जानने की कोशिश की। केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली के 11 जिलों में से नई दिल्ली एक है। 2019 में यहां से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी लेखी ने जीत दर्ज की थी। इस बार भाजपा ने उनका टिकट काटकर बांसुरी स्वराज पर भरोसा जताया है। वहीं, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में सोमनाथ भारती मैदान में हैं।
एक मतदाता ने कहा कि नई दिल्ली लोकसभा सीट पर एक तरफ बांसुरी स्वराज और उनके सामने सोमनाथ भारती हैं। सोमनाथ भारती पर उनकी पत्नी ने आरोप लगाए थे। बांसुरी स्वराज के सामने वे कहीं नहीं टिकते। बांसुरी यहां से चुनाव जीतने वाली हैं। पीएम मोदी के सामने कोई पार्टी है ही नहीं। उन्होंने राम मंदिर बनवाया। उन्होंने दुनियाभर में देश का नाम किया। इंडी गठबंधन में अभी तक यह तय नहीं हुआ कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा। जिस कांग्रेस के खिलाफ केजरीवाल लगातार बोलते थे, उनके साथ आज वे मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इसका क्या कारण है। जनता इसका जवाब देगी। आम आदमी पार्टी एक भी सीट पर नहीं जीतेगी।
जोगिंदर राजपूत ने कहा कि यहां सबसे बड़ी समस्या सीवर की है, बिजली की, पानी की समस्या भी है। नई दिल्ली में छोटी-छोटी गलियां पानी से लबालब भरी रहती हैं। कहने को तो बिजली फ्री है, लेकिन लोगों के पास बिजली के बिल आ रहे हैं। केजरीवाल सरकार ने सिर्फ झूठे वादे किए हैं।
मतदाता विजय गुप्ता ने कहा कि देश के अंदर तरक्की तो हो रही है लेकिन कुछ कमियां हैं। उठाकर किसी को भी जेल में डाल दिया जा रहा है। नई दिल्ली में मुकाबला देखने को मिल रहा है। एक अन्य मतदाता ने कहा कि हमें ऐसी सरकार चाहिए जो देश के बारे में सोचे, सिर्फ अपने बारे में नहीं। देश के बारे में विपक्षी पार्टी नहीं सोचती। देशभर में पीएम मोदी के कारण देश का नाम हुआ है। पीएम पूरे देश को अपना परिवार मानकर चलते हैं।
गोपाल कृष्ण ने कहा कि कांग्रेस के राज में देश में विकास नहीं हुआ। पीएम मोदी ने भारतीय सेना को मजबूत करने का काम किया। मुंबई हमले के वक्त कांग्रेस की सरकार में मनमोहन सिंह विचार करते रहे गए। पीएम मोदी के कार्यकाल में सर्जिकल स्ट्राइक हुई, हमने जवाब दिया। कोरोना के वक्त हमारे देश ने सबकी सहायता की, अन्य देशों को वैक्सीन दीं। उस वक्त हर देश की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी, लेकिन हमारा देश कोरोना के सामने मजबूती के साथ खड़ा हुआ। भाजपा के कार्यकाल में काफी विकास हुआ।
भाजपा नेता धनराज चौहान ने कहा कि पीएम मोदी देश के बारे में सोचते हैं। हमारा नारा है कि सभी भ्रष्टाचारियों को जेल में डाला जाए। यहां मिनाक्षी लेखी ने काम किया है, हर किसी की मदद की। सबके साथ उन्होंने अच्छा व्यवहार किया। केजरीवाल की सरकार में शराब घोटाला हुआ। इस बार भी भाजपा की सरकार बनेगी। नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज जीतेंगी।