कोरोना महामारी के कारण देश भर में लगे लॉकडाउन के पांचवें चरण को लेकर गृह मंत्रालय ने दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक कंटेनमेंट जोन से बाहर आने वाले इलाकों में छूट दी गई है, लेकिन इसके बावजूद कुछ सेवाओं को पूरी तरह से बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
लॉकडाउन 5.0 में भी लंबे समय से बंद पड़ी दिल्ली मेट्रो की सेवाएं शुरू नहीं हो पाएंगी। गृह-मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार देश भर में मेट्रो रेल के संचालन को अनुमति नहीं मिली है। इसलिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन भी सेवाओं की शुरूआत नहीं कर पाएगी।
इसे बारे में डीएमआरसी ने भी ट्वीट कर जानकारी दी है। ट्वीट में कहा गया है कि सरकारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक अगले आदेश तक यात्रियों के लिए मेट्रो सेवाएं बंद रहेंगी। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर 155370 भी बंद रहेगा। यात्री किसी सहायता के लिए helpline@dmrc.org पर डीएमआरसी से संपर्क कर सकते हैं।
वहीं इसके अलावा आंतरराष्ट्रीय उड़ानें, सिनेमा हॉल, जिम, स्विमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थियेटर, बार व ऑडिटोरियम, असेंब्ली हॉल और इसी तरह की अन्य जगहें जहां भीड़ इकट्ठा होती हो, उन्हें भी खोलने पर प्रतिबंध जारी रखा गया है।