विदेश से दिल्ली पहुंचने वाले जो भारतीय सशुल्क क्वारंटीन सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उनका सात दिन का शुल्क वापस करवाया जाए। यह आदेश मुख्य सचिव विजय देव ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिया है। विदेश से आने वालों को पहले 14 दिन के लिए होटल में रहना था, लेकिन केंद्र सरकार की नई गाइड लाइन के अनुसार यह लोग अब सात दिन होम क्वारंटीन में रह सकते हैं। मुख्य सचिव का आदेश इस शिकायत के बाद आया है कि 14 दिन की एकमुश्त राशि में से होटल सात दिन का पैसा वापस नहीं कर रहे हैं।
स्वामी दयानंद अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को दो हिस्सों में बांटा
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के स्वामी दयानंद अस्पताल के डॉक्टरों ने एक खास मॉडल तैयार किया है, जिससे इमरजेंसी वार्ड में काम करने वाले डॉक्टरों को कोरोना के संक्रमण से बचाया जा सकेगा। अस्पताल के सीएमओ डॉ. राकेश सिंघल बताते हैं कि कोरोना के समय इमरजेंसी वार्ड में काम कर रहे डॉक्टरों को सबसे बड़ी परेशानी यह जानने में होती है कि कौन सा मरीज संक्रमित है। इसी को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी वार्ड को प्लास्टिक की एक दीवार से दो हिस्सों में बांट दिया है।
पुलिस हेल्पलाइन नंबर से 50000 लोगों को मिली मदद
पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने कहा कि लॉकडाउन में पुलिस की ओर से लोगों को हरसंभव मदद की जा रही है। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 011-23469526 पर अब तक लगभग 50000 लोगों की मदद की गई है। बुधवार शाम तक हेल्पलाइन नंबर पर मदद मांगने वालों का आकड़ा 51,041 तक पहुंच गया था। इनमें बाहर से फोन करने वाले भी शामिल हैं।
पुलिस ने पढ़ाया सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ
कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए मध्य जिले की पुलिस ने जामा मस्जिद इलाके में बुधवार को लोगों को पेपर जैकेट वितरित की। इसे बांटने के पीछे सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति लोगों को जागरूक करना था। पुलिस ने अभियान को दो गज की दूरी का नाम दिया है। डीसीपी मध्य संजय भाटिया ने खुद ही मोर्चा संभालते हुए पेपर जैकेट पहनकर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाया।
पालम के पूरन नगर में कोरोना के चार मामले, इलाका सील
पालम के पूरन नगर में कोरोना संक्रमण के चार मामले सामने आने के बाद क्षेत्र को सील कर दिया गया है। मेट्रो स्टेशन से महज चंद मीटर की दूरी पर संक्रमण के नए मामले आने के बाद पुलिस कमिर्यों की तैनाती कर दी गई है, लेकिन पालम से दिल्ली कैंट जाने के रास्ते पर बैरिकेडिंग से लोगों को दूसरा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इस वजह से लोगों को अधिक दूरी तय करना पड़ रहा है।
एनसीजी के दो कमांडो आए कोरोना की चपेट में
देश में पहली बार कोरोना वायरस की चपेट में एनसीजी के दो कमांडो आए हैं। इन्हें दिल्ली एम्स के झज्जर स्थित कैंपस में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कोविड पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद दोनों ही कमांडो को भर्ती किया है। हालांकि, यह संक्रमित कैसे और कहां से हुए? इसके बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है।
एम्स प्रबंधन के अनुसार, झज्जर स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान में फिलहाल 500 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हो चुके हैं। हाल ही में दो एनसीजी कमांडो को भर्ती किया गया है। इनके अलावा अब तक दिल्ली पुलिस के 40, बीएसएफ के 78, सीआईएसएफ के 86, सीआरपीएफ के 56 और रैपिड एक्शन फोर्स का एक जवान कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद भर्ती किया जा चुका है। इसके अलावा बीते मंगलवार झज्जर कैंपस से 50 मरीजों को डिस्चॉर्ज किया गया था, लेकिन 61 संक्रमित मरीजों को भर्ती भी किया गया। यह चौथे से लेकर सातवी मंजिल तक कोविड वार्ड बनाए गए हैं।
उपराज्यपाल कार्यालय में एक कर्मी कोरोना संक्रमित
दिल्ली के उपराज्यपाल कार्यालय में बुधवार को एक जूनियर असिस्टेंट कोरोना संक्रमित पाया गया है।
गौतमबुद्धनगर में चार नए मामले, कुल संख्या 366 हुई
गौतमबुद्धनगर में बुधवार को चार नए मरीज सामने आए हैं। जबकि 9 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 366 हो गई है। जिले में अब तक 253 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। जबकि 108 एक्टिव मामले हैं। कोरोना वायरस से जिले में अबतक पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
दो नए इलाके कंटेनमेंट जोन की सूची में शामिल
एसडीएम साकेत अंकित मिश्रा ने बताया कि दक्षिणी दिल्ली में दो और इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसमें चर्च कॉलोनी, गली नंबर- 9, संगम विहार एल- 1 गली नंबर- 12,13,14, गली नंबर -14 शनी बाजार रोड, एल ब्लोक संगम विहार और गली नंबर 27 एल-2 संगम विहार को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
तिगरी जेजे कॉलोनी के मकान नंबर बी-258, बी-822, सी -98, एच-1-54, एच-16 को भी कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
फिर लगा दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर जाम
गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में चिलचिलाती धूप में दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम में भारी संख्या में गाड़ियां फंस गई हैं। दरअसल गाजियाबाद प्रशासन ने शहर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते एक बार फिर दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर सील कर दिया है। सील हुए बॉर्डर पर पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे हैं। जो लोग जरूरी सेवाओं से जुड़े हैं और जिनके पास 'पास' है उन्हीं को आवाजाही की अनुमति है।
पुलिसकर्मियों ने लोगों से मास्क पहनने की अपील की
दिल्ली के लोधी गार्डन में पुलिसकर्मियों ने लोगों से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की।
ओखला सब्जी मंडी खुली, पहुंची भीड़
दिल्ली में लॉकडाउन के बीच ओखला सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करते दिखे।