दक्षिण जिला पुलिस ने असोला स्थित शनिधाम मंदिर में बीते शुक्रवार को पूजा-पाठ कर लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में दाती महाराज को बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। दक्षिण जिला डीसीपी अतुल ठाकुर ने बताया कि बुधवार सुबह दाती महाराज को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि जमानती धारा होने के कारण दाती महाराज को थाने से ही जमानत दे दी गई ।पुलिस दाती महाराज के अन्य साथियों व मंदिर में आए अन्य श्रद्धालुओं का पता कर रही है जो पूजा-पाठ कार्यक्रम में शामिल हुए थे । इन लोगों की भी जल्दी गिरफ्तारी की जाएगी।
दाती महाराज ने अपने जन्मदिन के मौके पर गत शुक्रवार को शनि धाम में पूजा अर्चना की थी और अपने जन्मदिन का केक काटा था। इस मौके पर दाती महाराज के परिजन व काफी श्रद्धालु पूजा में शामिल हुए थे। गौरतलब है कि लॉकडाउन के चलते मंदिर धार्मिक स्थल पूरी तरह बंद है।
पीठ के संस्थापक दाती महाराज पर भीड़ के साथ आरती करते हुए कुछ वीडियो व फोटो वायरल हुए थे। वीडियो में दाती महाराज के साथ पूजा कर रहे लोग चेहरे पर मास्क तक नहीं लगा रखे थे।
मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए थे। दाती महाराज के खिलाफ शनिवार को मैदान गढ़ी थाने में महामारी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।