दिल्ली पुलिस द्वारा संचालित पॉडकास्ट 'किस्सा खाकी का' में रविवार को महिला सब इंस्पेक्टर सरोज सिंह के संघर्ष और लगन की कहानी सुनाई गई। जिसमें बताया गया कि सब इंस्पेक्टर सरोज सिंह का जन्म राजस्थान के किसान परिवार में हुआ था। सरोज की पांच बहने और एक भाई है। सरोज को अपनी शिक्षा के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शिक्षा और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
स्कूल के दिनों में सरोज ने 100 से अधिक स्वर्ण पदक जीते। इसके साथ ही उन्होंने एक प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति भी हासिल की। जिसके बाद उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय में प्रवेश किया। मेहनत और लगन ने वह अपने परिवार और गांव दोनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनीं। वर्तमान में उनके पति और बहन भी दिल्ली पुलिस का हिस्सा हैं।
दिल्ली पुलिस द्वारा संचालित 'किस्सा खाकी का' भारत में किसी भी पुलिस बल द्वारा पहली पॉडकास्ट श्रृंखला है। दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने इसकी शुरुआत की। पॉडकास्ट ने इस साल जनवरी में अपनी शुरुआत के बाद से काफी लोकप्रियता हासिल की है। 'किस्सा खाकी का' में अपराध, जांच और मानवता की कहानियां सुनाई जाती हैं। दिल्ली पुलिस के सभी सोशल मीडिया हैंडल पर हर रविवार को 'किस्सा खाकी का' प्रसारित किया जाता है।