प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल व मुख्यमंत्री आतिशी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर टूटी सड़कों और बदहाल हालात का निरीक्षण केवल जनता को गुमराह करने की साजिश है। यह दिखावा केवल जनता की नजरों में विश्वास बहाल करने का प्रयास है, जबकि वास्तविकता इससे कहीं दूर है। सरकार के असली फैसले केजरीवाल ही ले रहे हैं।
केजरीवाल ने वर्षों से टूटी सड़कों को नजरअंदाज किया और अब खुद के ही समर्थकों से बुलवाकर यह दिखा रहे हैं कि 6-7 महीनों से दिल्ली में कोई काम नहीं हुआ। यह रणनीति जनता को गुमराह करने के लिए रची गई है, लेकिन जनता अब इन चालों को समझ चुकी है। केजरीवाल ने 10 सालों में कभी भी सड़कों, अस्पतालों, स्कूलों या चौराहों का निरीक्षण क्यों नहीं किया। जब दिल्ली में जलभराव, करंट लगने, नालों में डूबने और इमारतों के ढहने जैसी घटनाओं में 40 से अधिक लोगों की जान चली गई थी तो आप नेता कहां थे।