वरिष्ठ वकील और आम आदमी पार्टी (आप) के संस्थापक रहे शांति भूषण व उनके पुत्र प्रशांत भूषण ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। शांति भूषण ने कहा है कि केजरीवाल के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने के सिवा कोई काम नहीं है।
वहीं, आप के निर्माण में हुई गलतियों का जिक्र करते हुए प्रशांत भूषण ने कहा कि बुनियादी गलती यह रही कि हमने केजरीवाल को पार्टी का सुप्रीमो बनने दिया। उसके बाद केजरीवाल ने एक-एक करके पार्टी की सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म कर दिया।
शांति भूषण और प्रशांत भूषण रविवार दोपहर बाद स्वराज अभियान के राष्ट्रीय प्रतिनिधि सम्मेलन में बोल रहे थे। शांति भूषण ने कहा कि फिलहाल आप वन मैन आर्मी बन गई है, जिसके सुप्रीमो के पास प्रधानमंत्री को गाली देने के सिवा कोई काम नहीं है।