मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पहले पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर भी हमले हो चुके हैं। अगर गिनें तो केजरीवाल पर अब तक लगभग 10 बार हमले हो चुके हैं। उन पर चुनाव रैली व प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जूते, चप्पल, स्याही और अंडों से हमला हो चुका है।
अरविंद केजरीवाल पर कब-कब हुए हमले
18 अक्टूबर 2011 को पहला हमला हुआ। नवाबों के शहर लखनऊ में केजरीवाल पर फेंकी गई चप्पल। 2011 में लखनऊ में एक बैठक के दौरान टीम अन्ना के सदस्य ने अरविंद केजरीवाल पर चप्पल से हमला किया था। चप्पल फेंकने वाले शख्स का नाम जीतेंद्र था।
2013: अरविंद केजरीवाल पर एक शख्स ने स्याही फेंककर हमला किया था। आरोपी ने खुद को बताया था अन्ना हजारे का सपोर्टर। आरोपी ने बताया था कि वह केजरीवाल से नाराज था क्योंकि उन्होंने अन्ना हजारे के आंदोलन को छोड़कर पार्टी बना ली।
5 मार्च 2014: हैदराबाद में केजरीवाल की गाड़ी पर पत्थर फेंकने की घटना। इस हमले में केजरीवाल बाल-बाल बच गए वरना उन्हें बड़ी चोट भी आ सकती थी।
25 मार्च 2014: लोकसभा चुनाव के दौरान वाराणसी में केजरीवाल पर स्याही और अंडे फेंके गए। 2014 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल को सबसे ज्यादा विरोध पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में झेलना पड़ा था। यहां उन पर स्याही से लेकर अंडे तक फेंके गए थे।
जनवरी 2016: आम आदमी सेना की सदस्य भावना अरोड़ा ने केजरीवाल पर स्याही फेंकी थी। यह वाकया तब हुआ था जब पहली बार दिल्ली में ऑड-ईवन लागू हुआ था और उसकी सफलता का जश्न मनाया जा रहा था।
9 अप्रैल 2016: ऑड-ईवन के स्टिकर को लेकर स्टिंग मामले में फेंका जूता। आरोपी शख्स का नाम वेद प्रकाश था। वह केजरीवाल से सीएनजी स्टिकर को पैसे लेकर बेचने वाले स्टिंग को लेकर सवाल कर रहा था। यह स्टिंग आम आदमी सेना की टीम ने ही किया था।
20 नवंबर 2018: सचिवालय के अंदर घुसकर सीएम से मिलने के बहाने उन पर मिर्ची पाउडर फेंका था। आरोपी का नाम अनिल कुमार हिंदुस्तानी था।
ये भी पढ़ें: Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, साप्ताहिक जन सुनवाई के दौरान हुई घटना; आरोपी गिरफ्तार