दिल्ली के नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) को मिली करारी हार का ठीकरा अरविंद केजरीवाल पहले तो ईवीएम पर फोड़ रहे थे, लेकिन अब उन्होंने पार्टी की गलतियां स्वीकार की हैं। उन्होंने कहा, 'हां हमने कई गलतियां की। हम इसपर आत्मचिंतन करेंगे और उन्हें सुधारेंगे।'
वहीं, केजरीवाल के बयान के बाद दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने उनपर निशाना साधा है। तिवारी ने कहा कि रंग बदलने के मामले में केजरीवाल ने गिरगिट को भी पीछे छोड़ दिया है। इसके चलते आज सारे गिरगिट मीटिंग कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री रंग बदलने में उनसे कितना आगे निकल गए हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री के गलती मानने के मामले में कहा कि आजकल वह ब्रह्म मुहूर्त्त में उठने लगे हैं। यह अच्छा है इससे बुद्धि ठीक रहती है। इतना ही नहीं, उन्होंने माफी मांगने के कदम को स्टंट करार दिया।
उनका कहना है कि वह ऐसा पहली बार नहीं कर रहे हैं। वह लोकसभा चुनाव लड़ने, 49 दिन बाद सरकार छोड़ने के मामले में माफी मांग चुके हैं। इसके अलावा वह हमेशा गलती करते हैं और बाद में माफी मांगते हैं।
मनोज तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी में कई अच्छे लोग भी हैं। उन्हें हैरानी है कि कुमार विश्वास अब तक सस्पेंड क्यों नहीं हुए हैं?