दुहाई स्थित एचआरआईटी इंस्टीट्यूट में तीन दिन पहले कश्मीरी स्टूडेंट की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस और इंस्टीट्यूट प्रशासन ने मामला दबा दिया और गुपचुप तरीके से पोस्टमार्टम के बाद शव को कश्मीर भिजवा दिया।
सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। उधर, इंस्टीट्यूट प्रशासन नशे की ओवरडोज के कारण छात्र की मौत होना बता रहा है। पुलिस भी तहरीर मिलने पर ही जांच की बात कह रही है।
श्रीनगर की हैदरपुरा बाईपास शाह अनवर कालोनी निवासी इरफान यूसुफदार (23) पुत्र मोहम्मद यूसुफदार दुहाई स्थित एचआरआईटी संस्थान में बीबीए तृतीय वर्ष का स्टूडेंट था।
इरफान इंस्टीट्यूट परिसर में बने एचआरजीआई हॉस्टल में रूम पार्टनर आसिफ अल्ताफ सौफी निवासी इकबाल कालोनी अवंतीपुरा जिला पुलवामा श्रीनगर के साथ रहता था।
एक अक्तूबर की सुबह इरफान की अचानक हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद इंस्टीट्यूट प्रशासन ने उसे गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसओ आरपी शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। केमिकल परीक्षण और नशे की मात्रा जानने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है और परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को श्रीनगर ले गए हैं।
कैसे बिगड़ी हालत
इरफान 26 सितंबर को श्रीनगर से कालेज आया था। 30 सितंबर की रात खाना खाए बिना वह कमरे में सोने चला गया था। एक अक्तूबर को क्लास में नहीं पहुंचने पर दोस्त उसके रूम पर पहुंचे तो वह बेहोश मिला और आननफानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया था।