दिल्ली सरकार से बर्खास्त मंत्री कपिल मिश्रा पिछले दिनों की भांति रविवार को भी आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ आरोप लगाने और खुलासे करने का सिलसिला जारी रखा।
वह अपने निवास पर रविवार को आप नेता आशुतोष और संजय सिंह के रूस जाने का खुलासा किया। उन्होंने दिल्ली सरकार से बर्खास्त करने के बाद आप के पांच नेताओं के विदेश जाने के बारे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पूछा था, लेकिन मुख्यमंत्री ने उनके प्रश्न का उत्तर नहीं दिया।
इसके चलते अपनी मांग को लेकर कपिल मिश्रा ने भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। इसके बाद भी मुख्यमंत्री ने चुप्पी साधे रखी। अब कपिल मिश्रा ने स्वयं ही आप नेताओं के विदेश जाने का खुलासा करना आरंभ कर दिया है।
कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में 400 करोड़ रुपये का हाई सिक्योरिटी घोटाला हुआ है और इसी शख्स ने आप के आशुतोष और संजय सिंह की विदेश यात्राओं को प्रायोजित किया।
कपिल मिश्रा ने इस शख्स के नाम का खुलासा करते हुए बताया कि शीतल प्रसाद सिंह ने इन दोनों नेताओं के रूस दौरे को प्रायोजित किया था। कपिल का दावा है कि संजय मिश्रा और शीतल प्रसाद ने खुद ही इसे स्वीकार भी किया है।