जेपी बिल्डर के फ्लैट खरीदारों द्वारा शनिवार शाम नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर लगाए गए जाम में एंबुलेंस के फंसने से बीमार बच्चे की मौत हो गई। दिमागी बुखार से पीड़ित बच्चे को फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर से एम्स लाया जा रहा था।
एंबुलेंस लगभग 45 मिनट तक जाम में फंसी रही, जिससे उसमें ऑक्सीजन खत्म हो गई थी। एसएसपी लव कुमार ने बताया कि एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने जाम लगाने वाले खरीदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि बच्चे के परिजन की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
बच्चे की मौत की पुष्टि होने पर एफआईआर में इस तथ्य को भी शामिल किया जाएगा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे जेपी विस टाउन में फ्लैट बुक कराने वाले खरीदारों ने कब्जा न मिलने पर शनिवार शाम करीब 5:30 बजे एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया।
खरीदारों ने लगभग एक घंटे तक एक्सप्रेसवे जाम रखा। इस दौरान करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर एक्सप्रेसवे समेत चार थानों की पुलिस और पीएसी पहुंच गई।