साल 2019 में सीएए आंदोलन का चेहरा बने शाहीन बाग में गोली चलाने वाला कपिल गुर्जर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गया। उसे पार्टी के नेताओं ने माला पहनाकर पार्टी का आधिकारिक सदस्य बनाया। हालांकि सोशल मीडिया पर जब यह बात फैली तो विवाद पैदा हो गया जिसके बाद पार्टी ने उसे निकाल दिया।
हम बीजेपी के साथ हैं, बीजेपी हिंदुत्व को मजबूत कर रही है, हिंदुत्व को आगे ले जाना चाहती है। मैं हिंदुत्व के लिए काम करना चाहता हूं, इसलिए मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं। इससे पहले मेरा किसी भी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं था। मैं RSS के साथ भी जुड़ा हूं: कपिल गुर्जर https://t.co/PaMasJxFFG
प्रदर्शनस्थल से 150 मीटर की दूरी पर चलाई थी गोली
शाहीन बाग में नागरिकता कानून को लेकर चल रहे प्रदर्शन स्थल से करीब 150 मीटर दूर पुलिस बैरीकेड के पास कपिल गुर्जर ने सांप्रदायिक नारेबाजी करते हुए हवा में दो गोलियां चलाई थीं। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। बैरीकेड के पास मौजूद पुलिसकर्मियों और सीआरपीएफ के जवानों ने उसे दबोचा और सरिता विहार थाने ले गए। आरोपी की पहचान पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा निवासी कपिल गुर्जर के रूप में हुई थी। उसके पास से एक अवैध पिस्टल मिली थी।
पुलिस के मुताबिक, कपिल बैरीकेड के पास पहुंचा और ‘जय श्रीराम’, ‘हिंदू राष्ट्र जिंदाबाद’, ‘हमारा देश हिंदू राष्ट्र है’ जैसे नारे लगाने लगा। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने पिस्टल निकालकर हवा में दो गोलियां चला दीं। सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि किसी को कुछ समझ नहीं आया। इससे पहले कि प्रदर्शन में मौजूद लोग कपिल के पास पहुंचते, पुलिस व सुरक्षा कर्मियों ने उसे काबू कर लिया। उसे कार में बिठाकर सरिता विहार थाने लाया गया।