शालीमार गार्डन स्थित 80 फुट रोड के किनारे अवैध तौर पर बने कबाड़ गोदाम में बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे आग लग गई।
प्लास्टिक के कबाड़ में लगी आग से उठे धुएं से आसपास के लोगों को घंटों तक सांस लेने में दिक्कत हुई। फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आशंका जताई जा रही है कि गोदाम में जलाए गए अलाव से उठी चिंगारी से आग लगी होगी। रिहाइशी इलाका होने के बावजूद शालीमार गार्डन में अवैध रूप से कबाड़ गोदाम में बना है।
गोदाम में प्लास्टिक का कबाड़ भरा था। आसपास के लोगों के मुताबिक, गोदाम में शाम को अलाव जलाया गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे कबाड़ गोदाम में आग लग गई। आग से लोगों में हड़कंप मच गया।
आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि गोदाम मालिक की तलाश की जा रही है।
आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल सका है। जांच में प्रथम दृष्टया लग रहा है कि अलाव से उठी चिंगारी या फिर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। जांच की जा रही है।