-मार्च महीने में आयोजित हुए दो दिवसीय सार्वजनिक जांच कार्यक्रम में हुई चर्चा पर होगी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) कुलगुरु शांतिश्री डी पंडित के खिलाफ सार्वजनिक जांच कार्यक्रम मामले में छात्र और शिक्षक संघ सोमवार को साबरमती लॉन में अंतिम रिपोर्ट जारी करेगा। जेएनयू कुलगुरु पर संघ द्वारा जारी दस पन्नों की चार्जशीट में जातिगत भेदभाव, संवैधानिक मूल्यों के उल्लंघन, संस्थागत धर्मनिरपेक्षता को कमजोर करने और छात्र आंदोलन को दबाने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
इसको लेकर मार्च में दो दिन सार्वजनिक जांच कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। चार्जशीट में छात्रसंघ ने कुलगुरु के सार्वजनिक बयान और प्रशासनिक फैसले विश्वविद्यालय की सामाजिक न्याय और समानता की मूल भावना के विपरीत बताए थे। साथ ही दावा किया था कि कुलगुरु के कार्यकाल में पीएचडी प्रवेश, छात्रावास आवंटन और अकादमिक मूल्यांकन की प्रक्रियाओं में आरक्षण नीति का सही पालन नहीं हुआ।
सोमवार को जारी होने वाली अंतिम रिपोर्ट के मौके पर लोकसभा सांसद अमराराम और सीपीआई महासचिव डी.राजा मौजूद रहेंगे। जेएनयू शिक्षक संघ के सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि जेएनयू कुलगुरु के जातिगत टिप्पणी बयान वाले मामले में पीड़ित को लेकर व्याख्यान शृंखला की शुरुआत भी होगी।