-उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क की घटना, पुलिस ने किया मामला दर्ज
-स्कूटी में कुछ जेवरात, दुकान की चाबी व अन्य कीमती सामान था मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में बदमाश ज्वेलर की स्कूटी लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने पीड़ित की स्कूटी के टायर की ओर कुछ इशारा किया और उनको रोक लिया। जैसे ही पीड़ित रुके आरोपियों ने जबरन उनकी स्कूटी लूट ली। स्कूटी में चांदी की पायल, दुकान के लॉकर की चाबी, पर्स, आधार कार्ड व पैन कार्ड व अन्य सामान मौजूद था। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीड़ित राजपाल वर्मा की शिकायत पर केस कर छानबीन शुरू की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।
आशंका है कि बदमाश पीछा करते हुए उनके साथ आ रहे थे, मौका लगते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित राजपाल परिवार के साथ गीता कॉलोनी में रहते हैं। वह चांद मस्जिद, गली नंबर-6, मुस्तफाबाद में श्री ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। 26 फरवरी को वह अपनी दुकान बंदकर अपने गीता कालोनी स्थित घर जाने के लिए स्कूटी से निकले। इस बीच रात करीब साढ़े आठ बजे वह स्कूटी से जीरो पुश्ता, देहरादून हाईवे पर पहुंचे। इस बीच उनके बराबर में स्कूटी सवार तीन लड़के आए और उन्होंने पीड़ित की स्कूटी के टायर की ओर कुछ इशारा किया। पीड़ित ने रुकने के बाद उतरकर स्कूटी की टायर की जांच शुरू की। इस बीच तीनों युवक रुके और जबरन उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।