दिल्ली में जाम से राहत दिलाने के लिए बनाए गए फ्लाईओवरों पर ही जाम लगने लगा है। दिल्ली में बनाए गए 10 फ्लाईओवरों पर जाम लगता है। इसके अलावा अलग-अलग 117 जगहों पर जाम लगता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से कराए गए सर्वे में ये चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
सर्वे में ये बात भी सामने आई है कि दिल्ली में वाहनों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि व सड़कों पर अतिक्रमण जाम की सबसे बड़ी वजह है। ट्रैफिक पुलिस के सर्वे से ये भी पता लगा है कि दिल्ली में 117 जगहों पर जाम लगता है। उत्तर-पश्चिमी, रोहिणी व बाहरी जिले में सबसे ज्यादा 27 जगहों पर जाम लगता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सर्वे में ये भी पता लगाया है कि जाम को कैसे खत्म किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में भूमि उपयोग पैटर्न, मोटर वाहनों की संख्या में तीव्र वृद्धि और अन्य कारकों के कारण जाम लगता है। इस समस्या को हल करने के लिए यातायात पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव की देखरेख में प्रमुख यातायात जाम क्षेत्रों की पहचान करने के लिए सर्वे किया गया।
इन फ्लाईओवरों पर लगता है जाम और यह है कारण...
- गीता कॉलोनी फ्लाईओवर : ट्रैफिक का ज्यादा होना
- आजाद चौक फ्लाईओवर : भारी ट्रैफिक, पैदल यात्री और अतिक्रमण
- मुकरबा चौक फ्लाईओवर : भारी ट्रैफिक, पैदल यात्री और अतिक्रमण
- हनुमान सेतु : पीक ऑवर्स में भारी ट्रैफिक
- रानी झांसी फ्लाईओवर : पीक ऑवर्स में भारी ट्रैफिक
- पालम/द्वारका फ्लाईओवर : पीक ऑवर्स में भारी ट्रैफिक
- सरिता विहार फ्लाईओवर : पीक ऑवर्स में भारी ट्रैफिक
- बंदा बहादुर बैरागी मार्ग : पीक ऑवर्स में भारी ट्रैफिक
- पीरागढ़ी फ्लाईओवर : डीएमआरसी द्वारा निर्माण कार्य
- पंजाबी बाग फ्लाईओवर : अतिरिक्त लेन के लिए निर्माण कार्य
ये कदम उठाने शुरू किए
- वाहनों की अनुचित/अवरोधक पार्किंग को हटाना
- वैध पीयूसीसी के बिना चल रहे वाहन को पकड़ना
- 10/15 साल पुराने डीजल/पेट्रोल वाहनों को जब्त करना
- यातायात के प्रवाह के विपरीत दिशा में गाड़ी चलाना
- उचित कवर के बिना निर्माण और अन्य संबद्ध सामग्री ले जाना
- निर्धारित/उचित लेन में वाहनों का नहीं चलना
यातायात कम करने के लिए पुलिस के प्रयास
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि यातायात पुलिस जाम कम करने के लिए विभिन्न कदम उठा रही है। जैसे-
- यातायात के सुचारु प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख चौराहों, गलियारों आदि पर ट्रैफिक कर्मियों की नियमित तैनाती
- प्रमुख सीमा प्रवेश बिंदुओं से गैर-गंतव्य माल वाहनों की वापसी
- यातायात के प्रवाह के अनुसार सिग्नल समय को समायोजित करने के लिए यातायात सिग्नल समय की नियमित समीक्षा
- वन-वे यातायात योजनाओं की शुरुआत
- बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों/खराब वाहनों को हटाने के लिए यातायात क्रेनों की तैनाती
- स्थानीय पुलिस और स्थानीय निकायों/नागरिक एजेंसियों की सहायता से अतिक्रमण/भीड़भाड़ हटाने के अभियान शुरू करना
- यातायात के सुचारु प्रवाह में अवरोध को हटाने के लिए प्रमुख गलियारे पर मोटर साइकिल गश्त शुरू करना
- यातायात अवरोधों/भीड़भाड़, मार्ग परिवर्तन आदि के संबंध में आम जनता को सूचना प्रसारित करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म का उपयोग करना
- यातायात अवरोधों/भीड़भाड़ की पहचान करने और संबंधित फील्ड स्टाफ द्वारा तुरंत हटाने के लिए मैप सेवाओं का उपयोग
- आयोजनों के दौरान यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक सभा के विभिन्न कार्यक्रमों, कार्यों आदि के लिए यातायात व्यवस्था योजना तैयार करना
प्रस्ताव भेजती है पुलिस
यातायात पुलिस यातायात के सुरक्षित और सुगम प्रवाह को सुनिश्चित करने के लिए यातायात इंजीनियरिंग हस्तक्षेपों का सुझाव देते हुए सड़क रखरखाव एजेंसियों को नियमित रूप से प्रस्ताव भेजती है। जैसे-
- सेंट्रल वर्ज में कट को बंद करना/खोलना
- सेंट्रल वर्ज का निर्माण, सेंट्रल वर्ज पर लोहे की ग्रिल की स्थापना
- सड़क चिह्नों की री-पेंटिंग
- सड़क चिह्नों को लगाना
- बस स्टॉप, बिजली के खंभों आदि को स्थानांतरण करना
- पैदल यात्रियों के लिए सड़क पार करने की सुविधाओं जैसे एफओबी/भूमिगत पैदल पारपथ, गति को कम करने वाले उपायों आदि का निर्माण करना
लगाए जा रहे कैमरे
यातायात जंक्शनों पर यातायात अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए 43 जंक्शनों पर रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन कैमरे लगाए गए। अन्य 57 यातायात जंक्शनों पर आरएलवीडी कैमरे लगाने की प्रक्रिया को शीघ्र ही अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।
इतनी जगहों पर लगता है जाम
- पूर्वी रेंज (शाहदरा, पूर्वी व उत्तर-पूर्वी) 20 जगह
- उत्तरी रेंज (उत्तर-पश्चिमी, रोहिणी, बाहरी-उत्तरी दिल्ली) 27 जगह
- सेंट्रल रेंज (मध्य व उत्तरी दिल्ली) 21 जगह
- दक्षिणी रेंज( दक्षिण व दक्षिण-पूर्वी) 22 जगह
- नई दिल्ली रेंज (नई दिल्ली व दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली) 8 जगह
- पश्चिमी रेंज (बाहरी, द्वारका पश्चिमी दिल्ली) 19 जगह