जाट बिरादरी को केंद्रीय स्तर पर अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल करने पर अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की हरियाणा इकाई ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करने का ऐलान किया है। साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी को बधाई दी।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व कमांडेंट हवा सिंह सांगवान ने नई दिल्ली में आयोजित प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि आरक्षण के मामले में ही नहीं जाट समुदाय के हितों का कांग्रेस ने हमेशा ध्यान रखा है, जबकि अन्य दलों ने जाटों को अधिकार देने का विरोध किया है।
सांगवान ने कहा कि भविष्य में दलित-पिछड़ा एकता संघ की स्थापना होगी। जिसका उद्देश्य आरक्षण की सुरक्षा करना। इन वर्गों के संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। उनकी सबसे पहली मांग पिछड़े वर्ग को 54 प्रतिशत जनसंख्या के अनुसार आरक्षण देने की होगी, क्योंकि उन्हें 27 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
'जाट समाज के युवाओं की बदल जाएगी तकदीर'
केंद्र सरकार द्वारा जाट आरक्षण को मंजूर करने पर संयुक्त जाट आरक्षण संघर्ष समिति ने सोमवार को नोएडा सेक्टर-40 में बैठक की। इस दौरान समिति के चेयरमैन एचपी सिंह परिहार ने यूपीए सरकार, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अजीत सिंह, हरियाणा सरकार, रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा के प्रयासों की तारीफ की।
उन्होंने कहा कि 1993 मंडल कमीशन की सिफारिश लागू होने के बाद से ही जाट समाज अपने हक के लिए प्रयासरत रहा है। अलग-अलग स्तर पर सरकार से जाटों को अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग की जा रही थी। पिछले पांच सालों में समिति सामाजिक संगठनों और नेताओं को एक मंच पर लाकर जाट आंदोलन को शीर्ष स्तर तक पहुंचाने में सफल रही।
यही वजह है कि रविवार को नौ राज्यों में केंद्रीय स्तर पर जाट समाज को ओबीसी श्रेणी में शामिल कर लिया गया। परिहार ने कहा कि इससे उत्तर भारत के राज्यों व जाट समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। राष्ट्रीय महासचिव राजीव चौधरी ने कहा कि इस फैसले से जाट समाज के युवाओं की तकदीर बदल जाएगी।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रचार करेंगे जाट
अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के समर्थन में प्रचार करेगी। समिति ने बीते रविवार को जाट बिरादरी को केंद्र की ओबीसी सूची में शामिल करने के फैसला करने के लिए कांग्रेस और यूपीए सरकार का आभार जताया है।
समिति ने कहा कि सरकार के जाट बिरादरी के हक में किए गए इस फैसले के बाद अब यह समिति लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करेगी।
समिति के हरियाणा के अध्यक्ष हवासिंह सांगवान ने कहा कि देर से ही सही मगर कांग्रेस ने हमारी अरसे से लंबित मांग स्वीकार कर ली है। पूर्व की घोषणा के अनुरूप समिति अब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन और पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेगी।
केजरीवाल-भाजपा पर बोला हमला
जाट आरक्षण समिति ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को अवसरवादी, भाजपा को सांप्रदायिक और हाल ही में गठित गैरकांग्रेस-गैरभाजपा मोर्चा को अप्रासांगिक करार दिया है।
समिति के हरियाणा के अध्यक्ष हवासिंह सांगवान का यह आरोप है कि आम आदमी पार्टी अवसर देखकर केवल सांत्वना देती है। उनका कहना है कि हाल ही ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं जब आम आदमी पर्टी अपने वायदों से मुकर गई है।
उन्होंने कहा कि संघ अपने वर्गों के लिए राजनीतिक लड़ाई लड़ेगा। उनके वर्गों की जनसंख्या देश में 85 प्रतिशत से अधिक है और हरियाणा में 80 फीसदी से अधिक है। जबकि सरकारी नौकरियों में इनकी हिस्सेदारी इनकी जनसंख्या के अनुसार कहीं भी नजदीक नहीं है।