मिजोरम में तैनात यूटी कैडर के आईपीएस अफसर की दिल्ली में दबिश से दिल्ली पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। मिजोरम की नारकोटिक्स विभाग की टीम दिल्ली में दबिश देने आई थी। यह अफसर भी इस टीम के साथ शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आईपीएस अफसर ने इस रेड में दिल्ली पुलिस की गाड़ी का इस्तेमाल किया।
पुलिस को कॉल कर सूचना देने वाले पीड़ित ने अफसर पर 35 लाख रुपए लेने और 20 लाख रुपये की और डिमांड करने का आरोप लगाया है। मामले का गृह मंत्रालय ने संज्ञान लिया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि इस मामले में दिल्ली पुलिस का कोई अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। 29 नवंबर को दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी कि मिजोरम पुलिस ने पालम इलाके मे रेड डाली है।
कॉलर ने बताया कि पुलिस ने उसके भाई को अरेस्ट किया है। पुलिस ने 35 लाख रुपये ले लिए हैं। इसके अलावा 20 लाख रुपये की डिमांड की जा रही है। कॉलर ने बताया कि वह नाइजीरिया से है। बताया जा रहा है कि इस मामले में गृह मंत्रालय के सीनियर अधिकारियों ने संज्ञान लिया और जांच के आदेश दे दिए। बताया जा रहा है कि मिजोरम पुलिस ने रेड के दौरान दिल्ली पुलिस की गाड़ी का इस्तेमाल किया है।