-इच्छुक उम्मीदवार फायर एंड इंडस्ट्रियल सेफ्टी में कर सकेंगे एमबीए और पीजी डिप्लोमा कोर्स
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ (आईपी) विश्वविद्यालय छात्रों को आग और औद्योगिक सुरक्षा (फायर एंड इंडस्ट्रियल सेफ्टी) में कॅरिअर बनाने का अवसर दे रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने अलग-अलग कोर्स में दाखिला लेने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसमें सप्ताहांत एक्जीक्यूटिव एमबीए, एमबीए और पीजी डिप्लोमा (फायर एंड इंडस्ट्रियल सेफ्टी) कोर्स शामिल है।
इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन 30 जून तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को 2500 रुपये के पंजीकरण शुल्क का भुगतान करना होगा। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नलिनी रंजन के अनुसार तीनों कोर्स रोजगारोन्मुखी है। बाजार में इनकी अच्छी मांग है। तीन कोर्स विश्वविद्यालय के द्वारका परिसर के विभिन्न स्कूलों में उपलब्ध है। अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट http://www.ipu.ac.in और http://www.ipu.admissions.nic.in पर उपलब्ध है।
एम.प्लान कोर्स की ऑफलाइन काउंसलिंग 22 जून से
वहीं विश्वविद्यालय एम.प्लान (अर्बन एंड रीजनल प्लानिंग) कोर्स में दाखिला के लिए 22 जून से ऑफलाइन काउंसलिंग की शुरुआत करेगा। इसका आयोजन सूरजमल विहार स्थित ईस्ट दिल्ली कैंपस स्थित यूएसएपी भवन में होगा। इसमें सभी पंजीकृत उम्मीदवारों को व्यक्तिगत रूप से काउंसलिंग में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय के अनुसार 22 जून को सुबह 10:30 से दोपहर 1 बजे तक दिल्ली और बाहरी दिल्ली के सभी वर्गों के पंजीकृत उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1:30 से शाम 4 बजे तक पात्र उम्मीदवारों को सीट आवंटित की जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि उम्मीदवारों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेज और उनकी प्रतियों के साथ काउंसलिंग स्थल पर पहुंचना होगा।