भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पिच समिति के चेयरमैन दलजीत सिंह ने बृहस्पतिवार को गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी (जीबीयू) स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और शहीद विजय सिंह पथिक क्रिकेट स्टेडियम का दौरा किया।
उन्होंने स्टेडियम की पिच और आउटफील्ड का निरीक्षण किया। इन मैदानों पर वीनू मांकड अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाना है।
इस टूर्नामेंट में राजस्थान की टीम भी शामिल होगी, लेकिन किसी मतभेद के चलते इस प्रतियोगिता के आयोजन में देरी हो रही है। पहले ये मैच 5 अक्तूबर से शुरू होने थे। अब नया कार्यक्रम जल्द ही घोषित किया जाएगा।
आयोजन के लिए बृहस्पतिवार को बीसीसीआई की पिच समिति के चेयरमैन दलजीत सिंह ने पहले शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और फिर जीबीयू के ग्राउंड में तैयारियों का जायजा लिया।
दर्शकों के बैठने की क्षमता उम्मीद से अधिक बताते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट कराए जाएंगे। उन्होंने विकेट, आउटफील्ड, पवेलियन, चेंजिंग रूम और मैदान में दर्शकों के बैठने के स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने सबकुछ संतोषजनक बताया।