चार अक्तूबर से टीएचए और नोएडा को गंगाजल नहीं मिलेगा। तीन अक्तूबर (दशहरा) से 24 अक्तूबर (दीपावली) तक गंगनहर बंद रहेगी। गंगनहर के क्लोजर शेड्यूल पर मुहर लग गई है।
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग क्लोजर के दौरान गंगनहर की मरम्मत करेगा। गंगनहर बंदी के एक दिन बाद यानि चार अक्तूबर से गाजियाबाद में इसका असर पड़ेगा।
इस दौरान निगम अपने संसाधनों से टीएचए की नौ कालोनियों में पेयजल आपूर्ति करेगा। दीपावली के तीन दिन बाद इन कालोनियों को दोबारा गंगाजल की सप्लाई मिल सकेगी।
उत्तरी खंड नहर हैडवर्क्स के सहायक अभियंता एमके सिंह ने बताया कि पहले की भांति गंगनहर बंदी की तिथियां प्रस्तावित हैं। गंगा सभा से भी इसकी स्वीकृति प्राप्त की जा चुकी है।
गंगा बंदी का समय बदलने के लिए स्थानीय लोग उत्तराखंड बनने के पहले से विरोध करते आ रहे हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश शासन ने गंगनहर बंदी की अवधि नहीं बदली।
36 नलकूपों और 10 टैंकरों से होगी सप्लाई
नगर निगम ने गंगाजल आपूर्ति बंद होने पर टीएचए की कालोनियों में ट्यूबवेलों से पेयजल आपूर्ति करने का दावा किया है। वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी और डेल्टा कालोनी में पेयजल सप्लाई के लिए 36 छोटे-बड़े ट्यूबवेल तैयार कर लिए गए हैं।
इनके जरिए सुबह छह से सात और शाम को भी इसी समय एक घंटे आपूर्ति की जाएगी। 10 टैंकर भी तैयार कर लिए गए हैं।
अवर अभियंता योगेंद्र यादव ने बताया कि ट्यूबवेलों पर जनरेटर लगाए जा रहे हैं। बिजली कट के दौरान भी ट्यूबवेल चलते रहेंगे।