इनेलो सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के निजी कोष से 26 जुलाई को नूंह में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया जाएगा।
इस बारे में जानकारी देते हुए ऑल इंडिया मेवाती पंचायत के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौ. जाकिर हुसैन ने बताया कि इस भव्य आयोजन में लोग अधिक संख्या में शिरकत कर सकें। इसके लिए गांवों में जाकर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले 15 वर्षों से इनेलो सुप्रीमो मेवात के रोजेदारों को दावत-ए-इफ्तार देते आ रहे हैं। जाकिर ने कहा कि रमजान में रोजा रखना हर मुसलमान के लिए फर्ज है, जबकि रोजदारों को इफ्तार करवाना बड़े सवाब का काम है।
उन्होंने लोगों से आने वाले चुनाव से पहले इनेलो सुप्रीमो के जेल से छूटकर आने और उनके नेतृत्व में इनेलो द्वारा चुनाव लड़ने की दुआ करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर मेवात में पीने का पानी, नहरी पानी, 24 घंटे बिजली, रेललाईन निकलवाने, सड़कों का निर्माण, मेवात यूनिवर्सिटी की स्थापना, मेवात में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना, कोटला झील को पूर्ण विकसित करना व बेरोजगारों को सरकारी नौकरियां आदि समस्याओं को दूर किया जाएगा।
गांवों के दौर के क्रम में अल्ली प्रधान अडबर, राकेश देशवाल, जाकिर भडंगाका, अमर सिंह छपेड़ा, जैकम चंदेनी, मोहम्मद खां सरपंच कंवरसीका, हाजी आसम रायसीका,आसू पहलवान घासेड़ा, जाहूल ठेकेदार आदि इनेलो कार्यकर्ता मौजूद थे।