बिहार-यूपी वालों को मिलेगी सुविधा
उत्तर रेलवे ने तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें छपरा और गोरखपुर से आनंद विहार टर्मिनल और पुरानी दिल्ली के लिए संचालित होंगी। इनके चलने से उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से इन ट्रेनों का संचालन 21 से 26 नवंबर के बीच अलग-अलग तारीखों पर किया जाएगा।
कब कहां से चलेगी कौन सी ट्रेन?
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 05057/05058 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल-छपरा अनारक्षित विशेष ट्रेन छपरा से 22 और 25 नवंबर को चलेगी। वापसी में यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से 23 और 26 नवंबर को रवाना होगी। छपरा से ट्रेन रात नौ बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 4:55 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। रास्ते में इसका ठहराव गोरखपुर, सीतापुर और मुरादाबाद सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा। वापसी में ट्रेन आनंद विहार से रात 8:10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4:10 बजे छपरा पहुंचेगी।
कहां होगा किस ट्रेन का ठहराव?
वहीं, ट्रेन संख्या 05013/05014 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल-छपरा विशेष ट्रेन छपरा से 21 नवंबर को शाम पांच बजे रवाना होगी। यह अगले दिन दोपहर 3:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। रास्ते में गोरखपुर, लखनऊ और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ठहराव होगा। वापसी में ट्रेन 22 नवंबर को शाम 6:45 बजे आनंद विहार से चलेगी और अगले दिन शाम 6:40 बजे छपरा पहुंचेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 05019/05020 गोरखपुर-पुरानी दिल्ली-गोरखपुर विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी। यह 21 नवंबर को गोरखपुर से दोपहर 2:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी। रास्ते में लखनऊ और कानपुर सेंट्रल पर ठहराव होगा। वापसी में यह ट्रेन 22 नवंबर को सुबह 11:10 बजे पुरानी दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।