गुड़गांव में कर्ज के बोझ से तंग आकर आटो पार्ट कंपनी के मालिक ने मंगलवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
हालत खराब होने पर उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने फाईनेंस कंपनी से जुड़े तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, कमलजीत सचदेवा की महाराणा चौक के पास ऑटो पार्ट से जुड़ी एक कंपनी है। उसने कुछ समय पहले एक बैंक से कंपनी पर लोन लिया था, लेकिन वह बैंक का लोन अदा नहीं कर सका। इसके चलते बैंक ने उसकी कंपनी की नीलामी की तैयारी शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: नाबालिग बेटी को बनाया था हवस का शिकार, उम्रकैद
इस पर उसने कुछ फाइनेंसरों से रुपया लेकर बैंक का लोन अदा कर दिया। अब कंपनी पर देनदारी दो करोड़ 57 लाख बतायी जा रही है। कई माह बीत जाने के बाद फाइनेंसरों ने अपने पैसे वापस लेने के लिए कमलजीत पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
इससे परेशान होकर कमलजीत ने मंगलवार को सुबह अपनी कंपनी में पहुंचकर जहर खा लिया। तबीयत खराब होने पर इसकी सूचना उसके घर पर दी गई। परिजन तुरंत कंपनी पहुंचे और उसे निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में कमलजीत के भाई अनिल सचदेवा की शिकायत पर फाइनेंसर विपिन गुप्ता, मनोज गुप्ता व सुभाष गुप्ता निवासी मालवी टाउन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
कमलजीत ने किस बैंक से और कब लोन लिया था और कितना लोन लिया था इसके बार में उसके होश में आने के बाद ही पता चल पाएगा। साथ ही फाइनेंसर से भी कब लोन लिया ये जानकारी भी उसके होश में आने के बाद ही मिल पाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।