आयकर विभाग ने बुधवार को दिल्ली में एक साथ कई जगहों पर हवाला कारोबारियों के यहां छापा मारा है। विभाग की इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकद राशि बरामद हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक करीब 1000 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी खरीद-फरोख्त के दस्तावेज विभाग के हाथ लगे हैं।
बताया जा रहा है कि हवाला कारोबारी गैरकानूनी तरीके से दिल्ली में हवाला के जरिए मार्केट में पैसे रूट करने और संभालने का धंधा करते हैं। छापे में आयकर विभाग को कई शेल कंपनियों का पता चला है। इन शेल कंपनियों के जरिए फर्जी बिक्री और खरीद के बिल तैयार होते थे और हवाला के पैसों का हेर-फेर किया जाता था।