आम आदमी पार्टी (आप) ने दक्षिण दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी पर आरोप लगाया है कि उनके कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तुगलकाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं की पिटाई की। इसे साबित करने के लिए पार्टी ने सोमवार को एक वीडियो फुटेज दिखाई।
इसमें बिधूड़ी के समर्थक आप कार्यकर्ताओं की पिटाई कर रहे हैं। मामले में आप ने बिधूड़ी का इस्तीफा मांगा है। साथ ही उनके खिलाफ नामजद एफआईआर की मांग की है।
मीडिया से बात करते हुए आप नेता आशुतोष ने कहा कि तुलगलकाबाद की घटना के बाद रमेश बिधूड़ी ने सार्वजनिक तौर पर कहा था कि उनका एक भी आदमी अगर इस मामले में लिप्त पाया गया तो वह संन्यास ले लेंगे।
वीडियो फुटेज में साफ दिख रहा है कि बिधूड़ी के परिवार के लोग और समर्थक लाठी-डंडों से आप कार्यकर्ताओं की पिटाई कर रहे हैं। आशुतोष ने कहा कि रमेश बिधूड़ी में जरा सी भी नैतिकता है, तो उन्हें तुरंत पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
दूसरी तरफ, संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में कोई मुद्दा न होने से भाजपा गुंडागर्दी पर उतर आई है। तुगलकाबाद की घटना दो दलों का झगड़ा नहीं था। आप कार्यकर्ताओं को डराने के लिए भाजपा ने साजिशन हमला करवाया था।
बिधूड़ी के भतीजों और समर्थकों ने आप कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बाद में तुगलकाबाद से आप प्रत्याशी सहीराम पहलवान की कार में आग लगा दी। आप नेताओं ने मांग की कि प्रमाण सार्वजनिक होने के बाद दिल्ली पुलिस को निष्पक्षता दिखाते हुए रमेश बिधूड़ी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करनी चाहिए।