बीते साल न्यायखंड-1 में बिना जमीन का कब्जा मिले हवाई बुनियाद पर लांच 370 फ्लैटों का जीडीए का हाउसिंग प्रोजेक्ट रद्द हो गया है। इसकी जगह जीडीए अब अहिंसाखंड के पास नई स्कीम लाएगा।
जीडीए इंदिरापुरम विस्तार योजना (कनावनी) में रोड नंबर-11 पर स्थित भूखंड पर 370 फ्लैटों की स्कीम लाने की तैयारी में जुट गया है। पूर्व स्कीम के 190 आवेदकों के लिए राहत भरी बात है कि नई स्कीम में उन्हें फ्लैट दिए जाएंगे।
बाकी फ्लैटों की स्कीम आएगी। होली के आसपास नई स्कीम लांच हो सकती है। न्यायखंड-1 में स्कीम अटकने की खबर अमर उजाला ने 30 नवंबर को प्रमुखता से प्रकाशित की थी।
नवंबर, 2014 में जीडीए ने इंदिरापुरम के न्यायखंड-एक में 370 फ्लैटों की स्कीम लांच की थी। स्कीम के अंतर्गत 10 मंजिला टावर में टू, थ्री और फोर बीएचके के फ्लैट का निर्माण प्रस्तावित था।
फ्लैटों की कीमत 50 लाख से 80 लाख रुपये तक थी। एक साल अधिक समय बीतने के बावजूद जीडीए को जमीन का कब्जा नहीं मिला। दूसरी ओर, योजना में आवेदन करने वाले 190 लोगों ने जीडीए पर दवाब बनाना शुरू कर दिया।
जीडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार यादव ने बताया कि कनावनी में जीडीए के पास एक ग्रुप हाउसिंग प्लाट उपलब्ध है। इसमें 370 फ्लैटों के प्रोजेक्ट को सैद्धांतिक सहमति दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक निर्माण लागत और जमीन की बेहतर लोकेशन के चलते कीमतों में इजाफा हो सकता है। यही नहीं पूर्व आवेदकों को नई स्कीम में फ्लैट देने से पहले कीमतों पर सहमति ली जाएगी।
सहमति देने वाले आवेदकों को फ्लैट दिया जाएगा। बाकी आवेदकों को नियमानुसार आवेदन के लिए जमा कराई धनराशि लौटाई जाएगी।