आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्रों ने 99 फीसदी बैक्टीरिया को खत्म करने वाली कैमिकल युक्त कपड़ा तैयार किया है। विशेषज्ञों का दावा है कि 30 मिनट में यह कपड़ा 99 फीसदी बैक्टीरिया समाप्त कर सकता है। यह तकनीक आईआईटी दिल्ली के स्टार्टअप में तैयार की गई है। इसका मकसद अस्पतालों आदि में मरीजों को संक्रमण से बचाना है।
विज्ञापन
आईआईटी दिल्ली के टेक्सटाइल एंड फाइबर इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर सम्राट मुकोपाध्याय की देखरेख में यती गुप्ता ने इसे तैयार किया है। यती गुप्ता ने बताया कि अभी तक जितने एन्टी बैक्टीरिया तकनीक के कपड़े बने हैं वे 24 घण्टे में बैक्टीरिया खत्म करते हैं तो ऐसे में लोगों के ज्यादा बीमार होने का खतरा रहता है। यह नया कपड़ा 30 मिनट में ही 99 फीसदी बैक्टीरिया को खत्म करेगा। इस कपड़े का प्रयोग मास्क, तौलिया, बेड कवर, मेडिकल क्षेत्र में प्रयोग होने वाले कपड़े में किया जा सकता है।इस तकनीक का प्रयोग सूती के अलावा सिंथेटिक, ऊनी या किसी भी प्रकार के कपड़े में किया जा सकता है।