इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 27वां दीक्षांत समारोह 16 अप्रैल को आयोजित होगा।
देशभर के 53 रीजनल सेंटर में समारोह का सीधा प्रसारण होगा। दीक्षांत समारोह में वर्ष 2012 से जून 2013 तक के पासआउट छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएंगी।
इग्नू प्रवक्ता रवि मोहन के मुताबिक, समारोह में मानव संसाधन विकास मंत्रालय के उच्च शिक्षा सचिव अशोक ठाकुर मुख्य अतिथि होंगे, जबकि श्रीलंका की ओपन यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. विजेता नन्याक्करा समारोह को संबोधित करेंगे।
इग्नू के कुलपति प्रो. एम असलम कार्यक्रम का आगाज करेंगे। मैदान गढ़ी स्थित इग्नू मुख्यालय में दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक समारोह चलेगा।
समारोह में प्रो. जी राम रेड्डी मेमोरियल गोल्ड मेडल, इंडियन बैंक द्वारा प्रायोजित गोल्ड व सिल्वर मैडल, सीईएमसीए कैश अवार्ड, मदर टेरेसा कैश अवार्ड, प्रो. आरके ग्रोवर कैश अवार्ड आदि भी दिए जाएंगे।