एयरपोर्ट की तर्ज पर अब चुनिंदा रेलवे स्टेशनों पर भी एग्जीजक्यूटिव लाउंज होगा। इसे वाई-फाई सिस्टम और वातानुकूलित सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
विज्ञापन
साथ ही कैफेटेरिया, जिसमें समय के अनुसार नाश्ता, खाना, और लॉकर की भी सुविधा यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। एग्जीक्यूटिव लाउंज में नहाने की भी सुविधा है।
यानी फाइव स्टार होटल के बाथरूम में जिस तरह ही सुविधा होती है वैसी ही सुविधा इनमें भी होगी। हालांकि यात्रियों को जेब ज्यादा ढीली करनी होगी।
अगर आप रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय से खुश नहीं है तो आप पेड एग्जीक्यूटिव लाउंज में ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं। बतौर पायलट प्रोजेक्ट एग्जीक्यूटिव लाउंज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर चल रहा है।
अब रेलवे ने निर्णय लिया है कि इस तरह की सुविधा से अन्य स्टेशनों पर भी मुहैया कराई जाएगी। इसमें एक बिजनेस सेंटर भी होगा।
जहां कंप्यूटर, फैक्स, प्रिंटर आदि का प्रबंध रहेगा। लाउंज में ट्रेन डिसप्ले स्क्रीन के साथ ही मनोरंजन के लिए एलसीडी भी लगी होगी। रेलवे ने तय किया है कि आईआरसीटीसी के साथ मिलकर पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन समेत देश के चुनिंदा स्टेशनों पर यात्रियों को इस तरह की सुविधा दी जाए।
मुख्य स्टेशन जहां बनेगा एग्जीक्यूटिव लाउंज- योजना है कि हर राज्य के मुख्य स्टेशनों पर एग्जीक्यूटिव लाउंज तैयार किया जाए। इनमें पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, कानपुर, लखनऊ, इलाहाबाद, बनारस कैंट, अमृतसर, जालंधर, लखनऊ जंक्शन, गोरखपुर, अजमेर, जयपुर, पटना, रांची, जम्मू, आगरा कैंट, नागपुर, विजयवाड़ा, चेन्नई सेंट्रल, मुंबई सेंट्रल पर सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा इसमें बांद्रा, अहमदाबाद, गुवाहाटी, न्यू जलपाईगुड़ी, सिकंदराबाद, पुणे, धनबाद, कालका, मडगांव, पुरी, सियालदाह, भोपाल, मदुरई, हैदराबाद, विशाखापत्तनम, टाटानगर, बंगलूरू आदि स्टेशन शामिल हैं।