मालवीय नगर इलाके में नॉर्थ-ईस्ट के एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की शिनाख्त संजय शर्मा (25) के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि संजय नौकरी की तलाश में दिल्ली आया था। यहां वह एक महिला दोस्त के साथ लिव-इन में रहने लगा था। नौकरी न मिलने व महिला दोस्त से अनबन के कारण वह तनाव में था।
पुलिस आशंका जता रही है कि इसी वजह से संजय ने मौत को गले लगा लिया। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद संजय का शव परिजनों को सौंप दिया है। शव लेकर परिवार असम रवाना हो गया।
संजय की दोस्त डीयू से पढ़ाई कर रही है।
demo pic
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से असम का रहने वाला संजय शर्मा जेएफ-49 टॉप फ्लोर, गुप्ता कालोनी, मालवीय नगर में अपनी महिला दोस्त के साथ लिवइन में रह रहा था। संजय की दोस्त डीयू से पढ़ाई कर रही है।
वहीं संजय तीन माह पूर्व ही दिल्ली नौकरी की तलाश में आया था। मकान मालिक मुकेश ने बताया कि शनिवार दिन में उसे पुलिस के आने पर पता चला कि संजय से सुसाइड कर लिया है। कमरे में उस समय संजय की महिला दोस्त भी थी। संजय ने बाथरूम की ग्रिल से फंदा बनाकर फांसी लगाई थी। उसकी दोस्त ने ही मामले की सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर एम्स ट्रामा सेंटर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि संजय व उसकी महिला दोस्त की अनबन चल रही थी। वहीं नौकरी न मिलने के कारण संजय भी थोड़ा डिप्रेशन में भी था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इसी कारण संजय ने मौत को गले लगाया। पुलिस परिजनों व संजय की महिला मित्र से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।