अब आप आईसीआईसीआई बैंक के डेबिट या क्रेडिट कार्ड से दिल्ली में मेट्रो की यात्रा कर सकते हैं। इसके लिए आपको मेट्रो का स्मार्ट कार्ड या टोकन नहीं लेना पड़ेगा।
टिकट की राशि आईसीआईसीआई बैंक के नए कार्ड के जरिए इस्तेमाल हो जाएगी। बैंक ने इसके लिए दिल्ली मेट्रो के साथ मिलकर यूनीफेयर प्लेटिनम कार्ड लांच किया है।
इसमें खास तौर पर दिल्ली मेट्रो ट्रांजिट चिप लगाई गई है, जिससे यह कार्ड मेट्रो में इस्तेमाल होने वाले स्मार्ट कार्ड की तरह काम करेगा। कार्ड की खास बात यह है कि आपको स्मार्ट कार्ड की तरह इसे रिचार्ज नहीं कराना पड़ेगा।
ये कार्ड होगा ऑटो रीचार्ज
बुधवार को कार्ड लांच करने के मौके पर आईसीआईसीआई बैंक के कार्यकारी निदेशक राजीव सभरवाल ने बताया कि यूनीफेयर कार्ड में ऑटो टॉप की सुविधा भी उपलब्ध है।
इससे जैसे ही कार्ड के मेट्रो किराए वाले मद में 100 रुपये से कम राशि पहुंचती है, तुरंत मेट्रो यात्रा के लिए कार्ड 200 रुपये से रिचार्ज हो जाएगा।
रिचार्ज सुविधा मेट्रो स्टेशन के अंदर होने पर उपलब्ध होगी, जिससे यह कार्ड ऑटोमेटिक रूप से रिचार्ज होगा। शुरुआत में ऑटो टॉप अप की सुविधा दिल्ली मेट्रो के 54 स्टेशन में मिलेगी। इसे धीरे-धीरे सभी स्टेशनों पर शुरू कर दिया जाएगा।
क्रेडिट कार्ड पर देना होगा शुल्क
क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल पर 199 रुपये का सालाना शुल्क भी देना होगा। वहीं कार्ड पर ज्वांइनिंग फीस के रुप में 199 रुपये और 20 रुपये मासिक सेवा शुल्क उपभोक्ता को देना होगा।
बैंक ने इसके अलावा अपने मौजूदा ग्राहकों को भी यूनीफेयर कार्ड लेने का विकल्प दिया है। ग्राहक बैंक से संपर्क कर नए कार्ड को ले सकते हैं।
सभरवाल के अनुसार मार्च तक बैंक को ऐसे एक लाख कार्ड जारी करने की उम्मीद है। दिल्ली के अलावा बैंक ने हैदराबाद, मुंबई, बंगलूरू में इस तरह के कार्ड लांच करने का समझौता किया है।