नोएडा निवासी और दिल्ली की एक कंपनी में जनरल मैनेजर ने शुक्रवार सुबह दिल्ली में जेएनयू मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। इसकी सूचना मिलने पर सदमे में आई पत्नी ने देर रात पांच वर्षीय बेटी के साथ अपने फ्लैट में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
कोतवाली एक्सप्रेसवे थाना प्रभारी भुनवेश कुमार ने बताया कि मूल रूप से चेन्नई के रहने वाले 31 वर्षीय भरत जे दिल्ली स्थित गोल्डन टिप्स चाय कंपनी में जनरल मैनेजर थे। वह पहले काठमांडू में एक कंपनी में काम करते थे।
सितंबर 2019 में वह भारत आए थे और नोएडा के सेक्टर 128 की जे बी पवेलियन सोसाइटी में पत्नी शिवरंजनी, 5 साल की बेटी जयश्री और भाई कार्तिक के साथ रह रहे थे। शिवरंजनी गृहणी थी और बेटी नर्सरी में पढ़ रही थी।
भरत जे सुबह रोज की तरह नोएडा स्थित अपने घर से कंपनी गए थे। करीब 11.30 बजे जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दिल्ली पुलिस ने शव को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रखवाया और घरवालों को सूचना दी। शिवरंजनी बेटी और देवर के साथ मौके पर पहुंची।
देर रात उसने अपने फ्लैट में अपनी बेटी के साथ पंखे से लटककर मां-बेटी ने जान दे दी। एसएचओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह लग रहा है कि शिवरंजनी ने पहले अपनी बेटी को पंखे से लटका कर मार दिया और फिर दूसरे कमरे में जाकर पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।