मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी कर अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 42 तक पहुंचने की संभावना जताई है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से बेवजह घर से न निकलने की सलाह दी है। यदि लोग घरों से निकल रहे हैं तो अपने साथ पानी की बोतल रखें व सिर ढककर निकलें। अधिक समय तक धूप में रहने की बचने की सलाह है। विभाग का पूर्वानुमान है कि 10 व 11 अप्रैल को पारा 40 के पार रहेगा लेकिन, 12 अप्रैल से आंशिक रूप से बादल छाए रहने की वजह से हल्की राहत मिल सकती है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया था। इससे पहले बीते बुधवार को 39.6 डिग्री सेल्सियस सबसे अधिक पारा था।
धूर भरी हवाएं चलने के साथ दिल्ली-एनसीआर की हवा लगातार खराब श्रेणी में बनी हुई है। वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाली एजेंसियों का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में भी हवा की सेहत में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआइ 242, फरीदाबाद 186, गाजियाबाद 220, ग्रेटर नोएडा 254, गुरुग्राम 226 व नोएडा का 250 एक्यूआइ रहा।
बीते वर्षों में आठ अप्रैल को अधिकतम तापमान के आंकड़े
2022- 41.6 डिग्री सेल्सियस
2012- 37 डिग्री सेल्सियस
2013- 37 डिग्री सेल्सियस
अधिकतम तापमान- 42 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 20 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 6:43 बजे
सूर्योदय का समय: 6:02 बजे
-दिनभर मौसम साफ रहेगा। गर्म हवाओं की वजह से गंभीर स्तर की लू चलने की संभावना है। हवा में आद्रता का स्तर अधिक रहेगा।