हॉटस्पॉट के लिहाज से दक्षिण पूर्वी व दक्षिणी दिल्ली जिला बेहद संवेदनशील है। दिल्ली के 76 कंटेनमेंट जोन में से 28 इन्हीं दोनों जिलों में हैं। कोरोना वायरस का संक्रमण ज्यादा होने से दक्षिण पूर्वी दिल्ली के 17 व दक्षिण दिल्ली जिले के 14 इलाकों को सील किया गया है।
तीसरा नंबर उत्तरी जिले का है, जहां के 10 इलाके सील हैं। उधर, दिल्ली सरकार का कहना है कि अभी तक 27 इलाकों को कंटेनमेंट जोन से बाहर किया गया है। इन इलाकों में आम लोगों के लिए गतिविधियों सामान्य हो गई हैं, जबकि 76 इलाके अभी भी कंटेनमेंट जोन में शामिल हैं। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे इन इलाकों में संक्रमण के मामलों में कमी आएगी इन सबको कंटेनमेंट जोन से बाहर कर दिया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि सबसे ज्यादा 17 कंटेनमेंट जोन दक्षिण पूर्वी में हैं। वहीं, दक्षिणी जिले में इनकी संख्या 14 है। सबसे कम कंटेनमेंट जोन पूर्वी दिल्ली में हैं। नई दिल्ली में तीन, उत्तर पूर्वी दिल्ली में पांच और पश्चिम दिल्ली में छह इलाके सील हैं।