होटल अर्पित में आग लगने के मामले की दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को जांच में पता चला है कि होटल अर्पित पैलेस के टॉप फ्लोर में रात के दो ओर ढाई बजे तक पार्टी चल रही थी। होटल के मैनेजर राजेंद्र ने पूछताछ में इसकी पुष्टि की है।
पुलिस को जांच के दौरान टॉप फ्लोर से कुछ शराब की बोतलें भी मिली हैं। आग भी सबसे अधिक इसी मंजिल पर फैली थी। दूसरी ओर, पुलिस गिरफ्तार किए गए होटल के दोनों मैजेनर राजेंद्र व विकास को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में फिलहाल होटल का मालिक फरार है। पुलिस मालिक समेत अन्य लोगों की तलाश कर रही है। वहीं हादसे में मृत घोषित 15 शवों का पुलिस ने पोस्टमार्टम करा दिया है।
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरूआती जांच के बाद पता चला कि होटल में गेस्ट की जान से पूरी तरह खिलवाड़ किया जा रहा था। इमरजेंसी एग्जिट की ओर दर्शाने वाले कोई साइन बोर्ड नहीं थे। हादसे के समय होटल में कुल 46 कमरों से 35 में करीब 60 गेस्ट रुके हुए थे।
इसके अलावा होटल के करीब 12 कर्मचारी रात के समय ड्यूटी पर मौजूद थे। होटल से मिले रजिस्टर व अन्य सामान की मदद से मामले की छानबीन की जा रही है। होटल के दोनों मैनेजर राजेंद्र कुमार व विकास कुमार से पूछताछ की जा रही है। होटल में उस रात मौजूद कर्मचारियों की लिस्ट बनवाई जा रही है।