फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम की मेहरबानी से आज भी प्रदूषण से राहत की उम्मीद, सम-विषम पर केजरीवाल ने दी बधाई

Tue, 05 Nov 2019 06:29 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
demo pic - फोटो : AmarUjala
विज्ञापन

उत्तर भारत की मौसमी दशाओं में तेजी से बदलाव होने से दिल्ली-एनसीआर की आबोहवा में आज भी सुधार की उम्मीद है। सोमवार को दिनभर खिली धूप और हवा की चाल में आई तेजी से प्रदूषण स्तर में 87 अंक की कमी आई है। 

विज्ञापन


मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसमी दशाएं दिल्ली-एनसीआर के लिए सकारात्मक रहेंगी। वहीं, 7 व 8 नवंबर को बारिश होने का भी पूर्वानुमान है। इससे दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता में तेजी से सुधार आ सकता है।

वायु की गुणवत्ता पर नजदीक से नजर रखने वाली केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन काम करने वाली संस्था सफर का कहना है कि हवा की चाल तेज होने से पीएम 2.5 का स्तर तड़के से ही घटने लगा था।
विज्ञापन


इसमें महसूस होने वाला बदलाव सोमवार को धूप खिलने के बाद आया। दोनों के मिले-जुले असर से पूरे दिन प्रदूषण कम होता गया। 24 घंटे का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 407 पर रिकार्ड किया गया। 

उधर, दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर पीएम 2.5 का स्तर मानक से 8-10 गुना ज्यादा रहा। धीरपुर में पीएम 2.5 की मात्रा 547, दिल्ली विश्वविद्यालय में 605, चांदनी चौक में 416, पूसा में 415, लोदी रोड में 402, आईआईटी व एयरपोर्ट में 425 व मथुरा रोड पर 450 रिकार्ड की गई।

दूसरी तरफ, मौसम विभाग का कहना है कि देर शाम हवा की चाल 25 किमी प्रति घंटा से ऊपर हो जाने से प्रदूषण में तेजी से कमी आई है। साथ ही पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी कमोबेश हवा की यही चाल बनी रहेगी। इससे हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच जाएगी। 7 व 8 नवंबर को तेज बारिश होने से दिल्लीवालों को प्रदूषण से राहत मिल सकती है।

रविवार को 12 इलाकों की हवा की गुणवत्ता 500 पर जा पहुंची थी। अगले दिन इसमें तेजी से सुधार आया है। सिर्फ पांच इलाकों को छोड़कर 29 जगह पर वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई। सोमवार को शाम 7 बजे सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाका बवाना रहा।

पराली जलाने के मामले बढ़ेे
सफर का कहना है कि बीते 24 घंटे में पराली जलाने के 2900 मामले दर्ज हुए हैं, जबकि इसके पहले के 24 घंटों में यह संख्या महज 57 थी। हालांकि, सफर का कहना है कि पंजाब व हरियाणा के आसमान में घने बादल होने से संभव है कि सेटेलाइट इमेज में पराली जलाने के मामले दर्ज न हो सके हों। यही वजह है कि दिल्ली के प्रदूषण में पराली के धुएं का हिस्सा रविवार के 25 फीसदी की तुलना में 14 फीसदी हो गया। 

विज्ञापन

सीएम और डिप्टी सीएम ने दी बधाई

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहले दिन सम-विषम को सफल बताते हुए दिल्लीवालों को बधाई दी। वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली का प्रदूषण घटने के दूसरे कई कारण हैं, लेकिन सम-विषम ने भी इसमें बड़ी भूमिका अदा की है। दिल्ली के लोगों ने जज्बा दिखाया, जिससे प्रदूषण पर असर पड़ा है। इसके लिए सिसोदिया ने दिल्लीवालों को बधाई दी।

दूसरी ओर, मनीष सिसोदिया ने कहा कि अभी सुप्रीम कोर्ट के फैसले की फाइल नहीं मिली है, फिर भी दिल्ली सरकार आदेश का पालन करेगी। अदालत ने जो भी आंकड़ा मांगा है, वह दिया जाएगा। हम 4-5 राज्य मिलकर रास्ता निकालेंगे तो ज्यादा बेहतर होगा। दिल्ली सरकार शुक्रगुजार है कि सुप्रीम कोर्ट की वजह से उस दिशा में कदम बढ़ रहा है। यूपी में भी ऑड-ईवन होगा तो अच्छी बात है। यह पूरे उत्तर भारत की समस्या है। सभी मिलकर काम करेंगे तो बेहतर परिणाम आएगा।

दो दिन का सूचकांक
इलाका    रविवार    सोमवार
बवाना    500    416    
आनंद  विहार    500    408
करणी  सिंह शूटिंग रेंज    500    408
अशोक  विहार    500    405
नेहरू नगर    500    401

पीएम 2.5 व पीएम 10 का औसत
3 नवंबर    पीएम 2.5    पीएम 10
सुबह 6 बजे    974    801
दोपहर बाद 2 बजे    848    653
शाम 6 बजे    505    348

4 नवंबर    पीएम 2.5    पीएम 10
सुबह 6 बजे    710    562
दोपहर बाद 2 बजे    257    152
शाम 6 बजे    216    94

मानक:
पीएम 10    100
पीएम 2.5    60
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें