महाप्रबंधक ने बड़ौदा हाउस कार्यालय में एक बैठक का आयोजन किया। जहां आगामी होली त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सुविधाजनक निकासी की समीक्षा की। इस दौरान उत्तर रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे। महाप्रबंधक ने बैठक के बाद बताया कि मांग को पूरा करने के लिए होली पर्व के दौरान मौजूदा रेलगाड़ियों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। सभी अधिकारियों को यात्रियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की निगरानी करने और दिल्ली क्षेत्र से पूर्व दिशा की ओर व अन्य गंतव्यों के लिए विशेष रेलगाड़ियों को समय पर चलाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया में भीड़ को रोकने के लिए यात्री होल्डिंग एरिया बनाया गया है।
त्योहार की अवधि के दौरान ट्रेनों की पूछताछ प्रणाली और घोषणा प्रणाली की निगरानी की जा रही है। सभी स्पेशल ट्रेनों की स्थिति को ऑनलाइन अपडेट किया जा रहा है। विशेष ट्रेनों की घोषणा लगाता की जा रही है। यह सुनिश्चित किया गया है कि व्यस्त समय के दौरान सभी बुकिंग और पूछताछ काउंटरों पर कर्मचारी तैनात रहें। यात्रियों की सुविधा के लिए जहां भी आवश्यक होगा वहां आरक्षण के लिए अतिरिक्त काउंटर खोले जाएंगे। दलालों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। स्टेशनों और ट्रेनों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।