हिमांशी मौत प्रकरण में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और हिमांशी के बेटे मौलिक राज की सुपुर्दगी न मिलने से परिजन खफा हैं। गाजियाबाद पुलिस पर उन्होंने ढील बरतने का आरोप लगाया है।
हिमांशी के चाचा हरिओम ने फोन पर बताया कि वह प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मिलकर इंसाफ दिलाने की मांग करेंगे। बता दें कि 6 अप्रैल को बदायूं के बसपा नेता हीरालाल कश्यप की बेटी हिमांशी का शव संजयनगर स्थित उसकी ससुराल में लहूलुहान मिला था।
वह राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप की पुत्रवधू थी। इस मामले में मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की खातिर उनकी बेटी की हत्या की गई है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने हिमांशी के ससुर सांसद नरेंद्र कश्यप, पति डॉ. सागर और सास देवेंद्री को गिरफ्तार किया है। हिमांशी की दो ननद और देवर फरार हैं।