आगरा केबाद लखनऊ से भी पुलिस की आस टूट गई है। लखनऊ की फोरेंसिक टीम भी सांसद नरेंद्र कश्यप की पुत्रवधू हिमांशी की मौत की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है। रिपोर्ट में लिखा है ‘मे बी सुसाइड..मे बी एक्सीडेंटल।’ पुलिस असमंजस में है, क्योंकि छह दिन के भीतर उसे कोर्ट में चार्जशीट पेश करनी है।
हिमांशी मौत प्रकरण मिस्ट्री बनता जा रहा है। पहले विसरा रिपोर्ट में कुछ नहीं मिला। इसके बाद आगरा फोरेंसिक से आई रिवॉल्वर की बेलेस्टिक रिपोर्ट से अहम सुबूत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन हिमांशी के हाथ और कश्यप फैमिली के कपड़ों पर बारूद नहीं मिला था।
अब पुलिस की सारी आस घटना का रिक्रिएशन कर गई लखनऊ की फोरेंसिक टीम पर टिकी थी, मगर वह भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। रिपोर्ट आने के बाद अधिकारी भी हैरान हैं। अब यह मामला परिस्थितिजन्य केस की श्रेणी में शामिल होता जा रहा है।
ठीक वैसे ही, जैसे नोएडा के जलवायु विहार में हुआ आरुषि-हेमराज मर्डर केस था। इस केस में सीबीआई के पास कोई पुख्ता सुबूत नहीं था, उसे क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करनी पड़ी थी।