गुड़गांव में दोस्तों के साथ स्कूल जाने के लिए निकले दसवीं के छात्र की चलती ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। हादसा बिजवासन से गुड़गांव रेलवे स्टेशन के बीच हुआ।
लोगों ने तुरंत ट्रेन रुकवाई और उसे गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जीआरपी इस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान देवरिया यूपी निवासी आशू (17) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ दिल्ली डाबड़ी में रहता था। वह दिल्ली के ही एक सरकारी विद्यालय में दसवीं का छात्र था।
अन्य घटना में गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशन के नजदीक 35 वर्षीय व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी गुड़गांव प्रभारी ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के बाद शव को शवगृह में रखवा दिया गया है।
नींद में बस की छत से गिरा, मौत
शहर में हुए अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। बस की छत पर सो रहे एक व्यक्ति की नींद में ही बस से गिरने के कारण मौत हो गई। दूसरी घटना में पेड़ से गिरने के कारण पेंटर ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान निवासी फूल सिंह पुत्र श्रीकृष्ण सुभाष नगर में परिवार के साथ किराए पर रहता था। बीती रात वह नशे में मदनपुर में खड़ी एक बस की छत पर जाकर सो गया। रात में नींद में ही वह बस की छत से नीचे गिर गया। उसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गया बिहार निवासी अनिल शर्मा पुत्र दुखन मिस्त्री सेक्टर 56 में एक कोठी की बाहरी दीवार को पेंट करने के लिए दीवार से सटे पेड़ पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि पेड़ से पैर फिसलने की वजह ने वह सिर के बल नीचे गिर गया। सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस 174 की कार्रवाई कर रही है।