गुड़गांव में डेंगू के मरीज की अपने स्तर पर पुष्टि करना फोर्टिस अस्पताल को भारी पड़ सकता है।
बिना सूचना दिए पुष्टि करने के मामले पर स्वास्थ्य विभाग कड़ा रुख अपनाने की तैयारी कर रहा है। जल्द ही विभाग की ओर से अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया जाएगा।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग की अधिसूचना के मुताबिक डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों के बारे में कोई निजी संस्थान पुष्टि नहीं कर सकता है।
अगर कोई संभावित मरीज आता है तो तत्काल इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देना होगा। इस बाबत सभी अस्पताल, नर्सिंग होम और प्राइवेट डॉक्टरों को जानकारी भी दी गई थी।
मलेरिया अधिकारी वीके थापर का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर अस्पताल ने मामले की पुष्टि की है। अस्पताल की ओर से न तो ब्लड सैंपल भेजे गए और न ही इसकी कोई जानकारी दी गई। इस पर जल्द ही नोटिस भेजा जाएगा।