आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्व सदस्य और लक्ष्मी नगर विधायक विनोद कुमार बिन्नी के मानहानि मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने आप से जवाब मांगा है। कोर्ट ने पार्टी और अलका लांबा समेत चार सदस्यों को नोटिस भेजकर कोर्ट में हाजिर होने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 28 अक्तूबर को होनी है।
बिन्नी ने पार्टी और लांबा पर छवि खराब करने को लेकर मानहानि का केस किया है और एक करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है। न्यायाधीश मनमोहन सिंह ने आप पार्टी और सदस्य अलका लांबा समेत मनोज कुमार, राजू धिंघन और बंदना कुमार से जवाब तलब किया है। कोर्ट ने कहा कि मामले में अभियुक्त को सुनने के बाद आगे की सुनवाई की जाएगी।
विनोद कुमार बिन्नी की तरफ से दायर याचिका में अलका लांबा और पार्टी पर छवि खराब करने का आरोप लगाया गया है। याचिकाकर्ता के वकील राजू मलिक ने कोर्ट को बताया कि लांबा ने याचिकाकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। जिसमें आरोप है कि बिन्नी ने सोशल साइट के जरिये लांबा पर घर में सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगाया है।
'राजनीतिक फायदे के लिए अलका ने लगाया अश्लील आरोप'
याचिका में कहा गया है कि लांबा के आरोपों की वजह से उन्हें दो करोड़ का नुकसान हुआ है। मलिक ने बचाव में कहा कि फेसबुक पर बिन्नी का झूठा अकाउंट बनाकर आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत साइबर सेल में भी की जा चुकी है।
इसके अलावा याचिका में बिन्नी ने आप पार्टी को उस पर किसी भी माध्यम से बयानबाजी करने से रोक लगाने की भी अपील की है। याचिका में कहा गया है कि पार्टी ने अपने राजनीतिक फायदे की खातिर याचिकाकर्ता की छवि खराब की है।
वकील ने कोर्ट से पार्टी को यह आदेश देने की अपील भी कि है कि पार्टी से जुड़ा कोई भी व्यक्ति याचिकाकर्ता के प्रति किसी भी तरह से विरोध न जताए। अलका के आरोप पर साइबर पुलिस ने बिन्नी के अलावा 37 अन्य पर केस दर्ज किया है। विनोद कुमार बिन्नी को आप पार्टी ने इसी साल जनवरी में पार्टी से निकाला था।
सफाई अभियान पर भाजपा-आप भिड़ीं
सफाई अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। आप की दिल्ली इकाई के संयोजक आशुतोष ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय को शुक्रवार को एक चिट्ठी लिखी।
इसमें आप का कहना है कि एमसीडी व एनडीएमसी यह स्वीकार कर लें कि दिल्ली की सफाई करना उनके बस की बात नहीं तो आप इस जिम्मेदारी को उठा सकती है। आप का कहना है कि चारों सिविक एजेसियों की लापरवाही से प्रधानमंत्री का स्वच्छता अभियान कामयाब नहीं हो रहा है।
दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की कुछ शौचालयों की तस्वीरें भेजी थीं। इन्हीं तस्वीरों के जवाब में आशुतोष ने चिट्ठी लिखी है। उन्होंने कहा है कि मीडिया में छपी खबरों से पता चला कि भाजपा ने अरविंद केजरीवाल को कुछ तस्वीरें भेजी हैं। इससे लगता है कि दिल्ली भाजपा प्रधानमंत्री के सफाई अभियान के नाम पर गंदी राजनीति करने पर उतर आई है।
आशुतोष का कहना है कि आप ने शुरू से ही सफाई अभियान में सहयोग किया है। पार्टी कार्यकर्ता अभियान में जुटे हैं। आप ने इस मामले में एमसीडी को गंदगी की तस्वीरें भेजी हैं।
इससे साफ है कि दिल्ली में सफाई अभियान कामयाब नहीं हो रहा है। पूरे शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। आप ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से गुजारिश की है कि संबंधित एजेंसियां अगर मान लें कि दिल्ली की सफाई करना उनके बस में नहीं है तो चारों की जिम्मेदारी आप को दे दें। पार्टी दिल्ली की सफाई करके दिखा सकती है।