दक्षिण दिल्ली नगर निगम के बाद उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने भी पार्किंग दरों में इजाफा कर दिया है। खास बात यह है कि दोनों नगर निगम की पार्किंग दरें पहले घंटे के अलावा अन्य समय के लिए एक समान नहीं हैं। इस तरह किसी समय दक्षिण दिल्ली की महंगी दरें हैं तो किसी समय उत्तरी दिल्ली नगर निगम की महंगी है।
नई पार्किंग दरें एक नवंबर से लागू होंगी। पार्किंग फीस बढ़ाने के प्रस्ताव को स्थायी समिति की बैठक में शुक्रवार को मुहर लगा दी गई है। इसके बाद अब वर्तमान दरों की तुलना में दस गुना तक का इजाफा हो जाएगा।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने पहले एक घंटे तक कार के लिए 20 रुपये पार्किंग दर तय की है। इसके बाद पांच घंटे तक प्र तिघंटा 10-10 रुपये अधिक देने पड़ेंगे। मगर पांच घंटे के दौरान 50 रुपये से अधिक नहीं लिए जा सकेंगे। वहीं पांच से 10 घंटे तक प्रति घंटा 10-10 रुपये अधिक पार्किंग फीस देनी होगी।
इस दौरान सौ रुपये से अधिक फीस नहीं ली जा सकेगी। इस अवधि के बाद 24 घंटे तक भी 10-10 रुपये अधिक लेने का प्र्रावधान किया है, लेकिन दो सौ रुपये से ज्यादा पार्किंग फीस वसूली नहीं जा सकेगी।